प्रधानमंत्री मोदी ने दिए नौ अमृत संकल्प, जीतो के प्रयासों की सराहना !
नई दिल्ली, अमृतवाणी से सिंचित, शांति और समृद्धि की दिव्य शक्ति से ओतप्रोत नवकार मंत्र की महिमा अपरंपार है। यह मंत्र त्रिलोक में सुख, शांति और अक्षय समृद्धि का संचार करने में सक्षम है। इस पावन सत्य को उद्घाटित करते हुए, विश्व नवकार मंत्र दिवस के मंगल अवसर पर भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्व शांति और कल्याण के लिए इस दिव्य दिवस का आयोजन कर जीतो ने एक महान कार्य किया है।
इस शुभ बेला पर प्रधानमंत्री मोदी ने नौ ऐसे संकल्पों का आह्वान किया, जो न केवल नवीन ऊर्जा का संचार करेंगे, बल्कि नई पीढ़ी को सही दिशा भी प्रदान करेंगे और विश्व भर के समाज में शांति की शीतल छाया का विस्तार करेंगे।जीतो एपेक्स द्वारा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित विश्व नवकार मंत्र दिवस के भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने जीतो एपेक्स के चेयरमैन श्री पृथ्वीराज कोठारी और प्रेसिडेंट श्री विजय भंडारी को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस कार्यक्रम को भारत की एकता का जीवंत प्रतीक बताया।