पुणे, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर, हडपसर स्थित ऋषी आनंदवन में प्रकृति संरक्षण हेतु सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर रमाकांत चैरिटेबल ट्रस्ट, लायंस क्लब और जोगी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही, पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पेड़ों पर बर्ड फीडर लगाए गए।
ऋषी आनंदवन के अध्यक्ष विजय मर्लेचा के अथक प्रयासों से पिछले 13 वर्षों से इस परिसर में विभिन्न प्रकार के वृक्षों का रोपण किया जा रहा है। जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकरों के नाम पर लगभग चार एकड़ भूमि पर विविध प्रजातियों के पेड़ लगाए गए हैं, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी व्यवस्था मंडल के कार्याध्यक्ष प्रमोद छाजेड़ निभा रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर लायंस क्लब के एमजीएम डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेश अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट ट्रेजरर आर. के. शाह, ला. स्वाती विजयवर्गीय, विधी उमेश विजयवर्गीय, ला. भाग्यश्री भालेराव, ला. शैलेश खंडेलवाल, ला. शाम खंडेलवाल, ज्येष्ठ पत्रकार रघुनाथ कसबे, डॉ. ओसवाल, अमरनाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक कुंकूलोल, और सूर्यकांत फालके सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।