आध्यात्मिक इतिहास का गवाह बना पुणे !

लगभग 6000 परिवार ने मिलकर किया सवा करोड़ नवकार महामंत्र का जाप !

पुणे, आचार्य श्री आनंदऋषी जी म.सा. का 126 वां जन्मोत्सव इस बार पुणे में ‘श्री गुरु आनंद अठाई महोत्सव’ के रूप में बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में वर्धमान सांस्कृतिक केंद्र में चल रहे इस भव्य आयोजन के तहत, रविवार, 20 जुलाई को सवा करोड़ नवकार महामंत्र का जाप का एक ऐसा आध्यात्मिक आयोजन देखा गया, जो युगों तक याद रखा जाएगा।

यह जाप उपाध्याय प्रवर प.पू. श्री प्रवीणऋषिजी म.सा. ठाणा 2, दक्षिणज्योति प.पू. श्री आदर्शज्योतिजी म.सा. आदि ठाणा 3 और जिनशासन गौरव प.पू. श्री सुनंदाजी म.सा. आदि ठाणा 6 के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया।

इस महाआयोजन में लगभग 6000 से अधिक जैन परिवार एक साथ आए और उनके द्वारा किया गया जाप पूरे वातावरण में एक दिव्य ऊर्जा का संचार कर गया। यह आयोजन आदिनाथ जैन स्थानक ट्रस्ट और परिवर्तन चातुर्मास समिति के लिए एक गर्व का क्षण था, जिसने पुणे में आध्यात्मिक साधना की नई ऊंचाइयां स्थापित कीं।

उपाध्याय प्रवर प.पू. श्री प्रवीणऋषिजी म.सा.

गुरुदेव की असीम कृपा से एक साथ, एक ही उद्देश्य के साथ, ‘सवा करोड़ नवकार महामंत्र’ का जाप करते देखकर मेरा हृदय कृतज्ञता और आनंद से भर गया। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया है कि आस्था, समर्पण और एकता से कुछ भी असंभव नहीं है। गुरुदेव की कृपा हम पर यूं ही बरसती रहें !

अनिलजी नाहर, अध्यक्ष, आदिनाथ जैन स्थानक ट्रस्ट

सवा करोड़ नवकार महामंत्र का जाप इस बात का प्रमाण है कि जब समाज एक लक्ष्य के लिए एक साथ आता है, तो कुछ भी असंभव नहीं। आदिनाथ जैन स्थानक के लिए यह गौरव का क्षण है, जो युगों तक याद रहेगा।

सुनीलजी नाहर, अध्यक्ष, परिवर्तन चातुर्मास समिति

आज पुणे ने इतिहास रचा है। 6000 से अधिक परिवारों का एक साथ आना और सवा करोड़ नवकार महामंत्र का जाप करना – यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, एकता और दिव्यता का महासंगम था।

राजश्रीजी पारख, स्वागत अध्यक्ष, परिवर्तन चातुर्मास समिति

सवा करोड़ नवकार महामंत्र का जाप सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं था, बल्कि एक आध्यात्मिक क्रांति थी। सवा करोड़ नवकार महामंत्रों का जाप पुणे में एक नई चेतना और ऊर्जा का संचार कर गया।

Leave a Comment