परम श्रद्धेया अभीष्ण ज्ञानोपयोगी बाल ब्रह्मचारिणी मां कौशल जी के सानिध्य में आध्यात्मिक ध्यान योग केन्द्र दिगम्बर जैन तीर्थ श्री ऋषभांचल स्थापना दिवस एवं 27 वां ऋषभदेव पुरस्कार समर्पण समारोह का आयोजन गाज़ियाबाद में किया गया। इस अवसर पर जैनधर्म,प्राकृत भाषा की विदुषी,ब्राह्मी लिपि विशेषज्ञा डॉ. मुन्नी पुष्पा जैन,वाराणसी को ऋषभदेव पुरस्कार से सम्मानित किया गया और उन्हें ब्राह्मी भारती की उपाधि से विभूषित किया गया। ऋषभदेव पुरस्कार प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उपाध्यक्ष हेमचन्द जैन,पूनम जैन,अविरल जैन द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में राकेश जैन (हांसी) ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा गरिमापूर्ण संचालन कार्याध्यक्ष जीवेन्द्र जैन ने किया।
ज्ञातव्य है कि डॉ. मुन्नी जैन प्रसिद्ध विद्वान् प्रो. फूलचंद जैन प्रेमी की जीवनसंगिनी हैं। आप अनेक वर्षों से निरंतर भारतीय संस्कृति-जैनधर्म-प्राकृत भाषा,ब्राह्मी लिपि के संरक्षण-संवर्धन के लिए कार्य कर रही हैं।आपने कार्यशालाओं के माध्यम से अनेक लोगों को ब्राह्मी लिपि का प्रशिक्षण दिया है। ब्राह्मी सीखने वाले प्रतिभागी आपको ब्राह्मी मां से संबोधित करते हैं । ऋषभदेव पुरस्कार एवं ब्राह्मी भारती की उपाधि प्राप्त होने पर सभी विद्वतजनों एवं समाजश्रेष्ठियों ने उन्हें बधाई दी। विद्वत् दंपति ने अपने परिवार की बेटे-बेटी अनेकान्त,अरिहंत,इन्दु को भी भारतीय संस्कृति,जैन विद्या,प्राकृत भाषा,ब्राह्मी लिपि की शिक्षाएं दीं एवं आज वे तीनों प्रतिष्ठित पदों पर कार्य करते हुए इसी के प्रचार-प्रसार में संलग्न हैं। इस समारोह में अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न स्थानों से पधारे जैन समाज के गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही एवं इस सफल आयोजन के लिए सभी ने ऋषभांचल तीर्थ के समस्त पदाधिकारियों की अनुमोदना की ।