पूना मर्चेंट्स चेंबर के ‘आदर्श व्यापारी उत्तम पुरस्कार’ घोषित !

6 मार्च को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों होगा सम्मान

पुणे, 27 फरवरी 2026। दि पूना मर्चेंट्स चेंबर द्वारा व्यापार महर्षि स्व. उत्तमचंदजी उर्फ बाबा पोकर्णा की पवित्र स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘आदर्श व्यापारी उत्तम पुरस्कार’ इस वर्ष के लिए घोषित कर दिए गए हैं। यह इस पुरस्कार श्रृंखला का 31वां वर्ष है। पुरस्कार में मानपत्र एवं स्मृतिचिह्न प्रदान किया जाता है। यह जानकारी चेंबर के अध्यक्ष श्री राजेंद्र बाठिया ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

राज्यस्तरीय पुरस्कार — श्री उज्ज्वल पारसमलजी पगारिया, नागपुर

इस वर्ष का राज्यस्तरीय पुरस्कार नागपुर की कंपनी जस्ट यूनिवर्सल प्रा. लि. के संचालक श्री उज्ज्वल पारसमलजी पगारिया को प्रदान किया जाएगा। श्री पगारिया नागपुर के एक प्रतिष्ठित उद्यमी हैं जो पगारिया ग्रुप और श्री वेंचर्स जैसे प्रमुख व्यावसायिक समूहों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं। मध्य भारत के आर्थिक एवं आधारभूत विकास में उनका योगदान अतुलनीय है।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है और पगारिया ग्रुप महाराष्ट्र के खाद्यान्न थोक व्यापार में अग्रणी स्थान रखता है। नागपुर में उन्होंने ‘पगारिया होम्स’ की स्थापना की है, जो मध्य भारत का सबसे बड़ा गृहसज्जा, सजावटी दीप एवं घरेलू वस्तुओं का विक्रय केंद्र माना जाता है। श्री पगारिया 27 से अधिक कंपनियों में संचालक के रूप में कार्यरत हैं। सामाजिक क्षेत्र में वे JITO Nagpur Chapter Foundation के अध्यक्ष पद पर सेवारत हैं। उनके नेतृत्व में ‘पगारिया जेबीएन महाकुंभ’ जैसे भव्य व्यावसायिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में उन्होंने सरकारी अस्पतालों को बड़े पैमाने पर ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र दान कर सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

जिला स्तरीय पुरस्कार — श्री संजय (गोविंद) चितळे, पुणे

जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए पुणे के सुप्रसिद्ध चितळे उद्योग समूह के संचालक श्री संजय (गोविंद) नरसिंहजी चितळे का चयन किया गया है। 1983 में व्यवसाय में प्रवेश करने के बाद उन्होंने गुणवत्ता, अनुशासन और पारंपरिक स्वाद की विरासत को संजोते हुए आधुनिक तकनीक के सहारे उत्पादन का व्यापक विस्तार किया।

यांत्रिक पद्धति से बाकरवडी का उत्पादन शुरू करना उनके नेतृत्व का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। उनके मार्गदर्शन में उत्पादों की संख्या 100 से अधिक हो गई, रांजणगांव स्थित कारखाने का आधुनिकीकरण हुआ और देशभर में वितरण नेटवर्क मजबूत बना। आज *चितळे बंधू मिठाईवाले* 75 वर्षों की विश्वसनीयता के साथ 35 से अधिक देशों में निर्यात करता है, 6 अत्याधुनिक उत्पादन इकाइयाँ, पुणे में 60 से अधिक रिटेल स्टोर और 450 से अधिक वितरकों के माध्यम से देशभर के ग्राहकों तक पहुंचता है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय है।

शहर स्तरीय पुरस्कार — श्री सुनील पोपटलालजी नहार, पुणे

शहर स्तरीय पुरस्कार के लिए रेनबो हाउसिंग के श्री सुनील पोपटलालजी नहार का चयन किया गया है। पुणे जिले के राजगुरुनगर तालुका के बहुळ गांव के एक सामान्य जैन परिवार में जन्मे सुनील नहार ने ईमानदारी, परिश्रम और दृढ़ता के बल पर उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। 1992 में नौकरी से शुरुआत करने के बाद 2000 से स्वतंत्र व्यवसाय में कदम रखते हुए उन्होंने ‘रेनबो हाउसिंग’ की स्थापना की। आज उनकी कंपनी निर्माण क्षेत्र में गुणवत्ता, विश्वास और ग्राहक-केंद्रितता के आधार पर विशिष्ट स्थान रखती है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उपक्रमों में उनकी सहभागिता उन्हें एक जिम्मेदार उद्यमी के रूप में स्थापित करती है।

विशेष सदस्य पुरस्कार — श्री जयभगवानजी गोवर्धनजी गोयल, पुणे

चेंबर के सदस्यों में से दिया जाने वाला विशेष पुरस्कार नवीन पेढी के संस्थापक श्री जयभगवानजी गोवर्धनजी गोयल को घोषित किया गया है। गणेश पेठ के एक छोटे से दुकान से शुरुआत कर उन्होंने दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी, बी. जी. गोयल एंटरप्राइजेज और 1988 में गोयल ट्रेडर्स की स्थापना की। 1995 से नवीन पेढी के माध्यम से थोक बाजार में उन्होंने सुदृढ़ स्थान बनाया। कोरोना काल में उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए चिकित्सा एवं खाद्य सहायता प्रदान की। 2009 में उन्होंने गोवर्धन कंस्ट्रक्शन्स की स्थापना कर निर्माण क्षेत्र में भी प्रवेश किया। वर्तमान में वे सूखे मेवे के व्यापार में मजबूत आपूर्ति श्रृंखला बनाने के साथ-साथ ऑनलाइन बिक्री को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

युवा व्यापारी पुरस्कार — श्री वीरल रमेशभाई पटेल, पुणे

युवा व्यापारी पुरस्कार वीरल इंटरनेशनल के संचालक श्री वीरल रमेशभाई पटेल को प्रदान किया जाएगा। 21 अक्टूबर 1986 को भावनगर (गुजरात) में जन्मे श्री पटेल ने पुणे के एस. एम. चोक्सी हाईस्कूल में शिक्षा ग्रहण की और विश्वकर्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से 2008 में सूचना प्रौद्योगिकी में इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की, जिसमें वे पुणे विश्वविद्यालय में प्रथम रहे। करियर की शुरुआत J.P. Morgan Chase, मुंबई से की।

2009 से उन्होंने जैविक कच्चे माल के आयात-निर्यात व्यवसाय में प्रवेश किया। आज 17 वर्षों के अनुभव के साथ ‘वीरल ग्रुप’ के अंतर्गत सात कंपनियों के माध्यम से ऑयलसीड्स, सुपरफूड्स, न्यूट्रास्यूटिकल्स एवं मसालों का अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया सहित विश्व के अनेक देशों में निर्यात किया जा रहा है। 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने वाले श्री पटेल के उत्पादन संयंत्रों को BRC, अंतरराष्ट्रीय ऑर्गेनिक, कोशर एवं EU GMP प्रमाणपत्र प्राप्त हैं।

आदर्श पत्रकार पुरस्कार — श्री राहुल खळदकर, लोकसत्ता, पुणे

स्व. वीरेन गवाडिया की स्मृति में दिया जाने वाला आदर्श पत्रकार पुरस्कार दैनिक लोकसत्ता के वरिष्ठ पत्रकार श्री राहुल खळदकर को प्रदान किया जाएगा। पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय श्री खळदकर ने केसरी, लोकसत्ता, मुंबई सकाळ और सामना जैसे प्रमुख समाचारपत्रों में कार्य किया है। गत दस वर्षों से वे लोकसत्ता पुणे संस्करण में कार्यरत हैं। अपराध, न्याय एवं बाजारपेठ विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है। पुराने पुणे के इतिहास और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों की गहरी जानकारी उनके लेखन को संदर्भ-समृद्ध बनाती है। सरल और विनोदी शैली में संवाद साधने वाले राहुल खळदकर नए पत्रकारों के लिए मार्गदर्शक और आधारस्तंभ माने जाते हैं।

6 मार्च को बालगंधर्व में होगा भव्य पुरस्कार समारोह

पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को सायं 5 बजे बालगंधर्व रंगमंदिर, शिवाजीनगर, पुणे में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी करेंगे और उन्हीं के हाथों सभी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

विशेष अतिथि के रूप में सहकार एवं नागरिक विमानन राज्यमंत्री श्री मुरलीधर मोहोळ, नगर विकास, परिवहन, सामाजिक न्याय, चिकित्सा शिक्षण एवं अल्पसंख्यक विकास राज्यमंत्री श्रीमती माधुरी मिसाळ तथा पुणे महानगरपालिका की महापौर श्रीमती मंजुषा नागपुरे उपस्थित रहेंगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपाध्यक्ष अजित बोरा, सचिव  ईश्वर नहार, सहसचिव  आशिष दुगड, पूर्व अध्यक्ष रायकुमार नहार, प्रविण चोरबेले, नवीन गोयल, दिनेश मेहता,उत्तम बाठिया तथा कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित थे।

Leave a Comment