पुणे, समाज में महिलाओं के सशक्तीकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सराहने के लिए युनाय फाउंडेशन (Yunay Foundation) द्वारा आयोजित ‘MH – Women Excellence – 2026’ पुरस्कार समारोह संपन्न हुआ। इस भव्य समारोह में पुणे के प्रसिद्ध त्रिशला क्लिनिक की डॉ. मनीषा जैन और डॉ. सोनाली जैन को उनकी निस्वार्थ सेवा और चिकित्सा क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्यों के लिए प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया।

यह कार्यक्रम 21 मार्च 2026 को पुणे के बिबवेवाड़ी स्थित लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे सभागृह में आयोजित किया गया था। युनाय फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्षा मायाश्री गायकवाड़ ने चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जैन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद डॉ. मनीषा जैन और डॉ. सोनाली जैन ने खुशी व्यक्त करते हुए इस सम्मान को अपने मरीजों और टीम के भरोसे को समर्पित किया। इस अवसर पर शहर की कई गणमान्य हस्तियां और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।