98 मिनट तक योग, सूर्यासन और 90,000 बार ‘ॐ’ जप कर 900 छात्रों ने रचा विश्व रिकार्ड
पुणे: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स, बावधन द्वारा एक अनोखे और ऐतिहासिक ‘सूर्य योग ध्यानाथॉन 2025’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘समग्र आरोग्यासाठी शरीर आणि मनाचा ताल’ इस संकल्पना के साथ बन्सीरत्न सभागृह में मौन साधना करते हुए यह आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह विश्वविक्रमी उपक्रम 21वीं सदी की एक अद्वितीय मिसाल के रूप में दर्ज किया गया।

इस भव्य योग ध्यान महोत्सव में विद्यालय, कनिष्ठ व वरिष्ठ महाविद्यालय, फिजियोथेरेपी, फार्मसी, साइबर सिक्योरिटी, विधि, होटल मैनेजमेंट, बिझनेस मॅनेजमेंट और आयटी जैसे विभिन्न विभागों के 900 से अधिक छात्र, शिक्षक, पूर्व छात्र, पालक और कर्मचारी एकत्रित हुए। सभी ने एक साथ 98 मिनट तक योगासन, सूर्यनमस्कार और 90,000 बार ‘ॐ’ का जप कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की ‘वन अर्थ, वन हेल्थ’ थीम पर आधारित ‘भक्तियोग’ सत्र से हुई। इसके बाद सानिया पाटणकर और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना संगीत ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। सूर्यनमस्कार स्पर्धा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेताओं में गार्गी झरे (प्रथम), सेजल विटेकर (द्वितीय), अनुज शिंगोळे (तृतीय), संभाजी घोले (चतुर्थ) और नीरज बुब (पंचम) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सूर्यदत्त ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष प्रा. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने कहा, “नियमित योग, संतुलित आहार और सकारात्मक विचारों से ही आरोग्यदायी जीवन और संतुलित व्यक्तित्व का निर्माण होता है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है, जिसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।” उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकगणों, कर्मचारियों व पालकों को बधाई दी।
सूर्यदत्त द्वारा प्रतिवर्ष योग दिवस पर ऐसे ही अभिनव उपक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, जिनमें ‘कला आरोग्यम योगाथॉन 2021’, ‘ताल आरोग्यम योगाथॉन 2022’, ‘सिद्धमंत्र हास्य क्युरेटिव्ह योगाथॉन 2023’, और ‘सूर्यदत्त योगवारी आरोग्याथॉन 2024’ शामिल हैं। इस वर्ष की ‘सूर्य योग ध्यानाथॉन 2025’ पहल ने भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आध्यात्मिकता और सामूहिक साधना का अद्वितीय अनुभव प्रदान किया।