पुणे, पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर, अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ ने “एक पेड़ मां के नाम” नामक एक महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान का आज से दो महीने के लिए शुभारंभ किया। इस राष्ट्रव्यापी पहल का उद्देश्य वृक्षारोपण और उनके संरक्षण को बढ़ावा देना है, जिसमें देशभर की विभिन्न शाखाएं सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।

महासंघ के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुनील जी सिंघी ने देश भर में अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उनके मार्गदर्शन में, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश की विभिन्न इकाइयों ने आज बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरेश भाई के नेतृत्व में, पुणे के ऋतुराज सोसाइटी के गार्डन कैंपस में भी वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर संस्था के अचल जैन, सतीश शाह, पुणे इकाई के अध्यक्ष विलास शाह, सचिव समीर जैन, संदीप पारेख और संजय जी चोरडिया सहित मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कई सदस्य उपस्थित रहे।
महासंघ की योजना है कि अगले दो महीनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न सोसाइटियों, मंदिर परिसरों और गौशालाओं में भी वृक्षारोपण किया जाएगा। इस हरित पहल में स्कूली बच्चों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और प्रेम विकसित हो सके।
संस्था के सचिव समीर जैन ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अटूट है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान न केवल हरियाली बढ़ाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और टिकाऊ वातावरण बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।