हुब्बल्ली, ऑल इंडिया जैन यूथ फेडरेशन के महावीर लिंब सेंटर, रोटरी क्लब ऑफ अंकलेश्वर एवं ओएनजीसी, अंकलेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में गुजरात के अंकलेश्वर स्थित ओएनजीसी कॉलोनी के कम्युनिटी सेंटर में एक विशाल निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर प्रत्यारोपण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में राज्य के विभिन्न कोनों से आए दिव्यांगजन लाभान्वित हुए।
कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार से सम्मानित एवं ऑल इंडिया जैन यूथ फेडरेशन महावीर लिंब सेंटर के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र सिंघी के मार्गदर्शन में यह शिविर दक्षिण भारत के बाहर पहली बार गुजरात राज्य में आयोजित किया गया, जो फेडरेशन के सेवा कार्यों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस शिविर में अहमदाबाद, वडोदरा, भरूच एवं अंकलेश्वर सहित आसपास के जिलों से आए 121 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर लगाए गए। वर्षों से दिव्यांगता के साथ जीवन यापन कर रहे अनेक दिव्यांगजन बिना बैसाखी के अपने पैरों पर खड़े होकर चलते हुए दिखाई दिए। उनके चेहरों पर झलकती प्रसन्नता इस शिविर की सबसे बड़ी सफलता रही।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ओएनजीसी अंकलेश्वर के एसेट सपोर्ट मैनेजर हर्षेंद्र स्वरूप, क्षेत्रीय अधिकारी, जीपीसीबी अंकलेश्वर डॉ. जिग्नाशा ओझा तथा महावीर लिंब सेंटर के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र सिंघी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग लगाकर शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर महावीर लिंब सेंटर के निदेशक कांतीलाल बोहरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
महावीर लिंब सेंटर के कन्वीनर सुभाष डंक ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑल इंडिया जैन यूथ फेडरेशन महावीर लिंब सेंटर द्वारा दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों—कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा एवं महाराष्ट्र में अब तक 350 से अधिक निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविरों का आयोजन कर 55,000 से अधिक दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। हुब्बल्ली स्थित महावीर लिंब सेंटर द्वारा की जा रही यह मानवीय सेवा अब गुजरात तक विस्तारित होना सेवा, संवेदना और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
शिविर में महावीर लिंब सेंटर के मुख्य तकनीशियन एम .एच. नायकर, सुदर्शन बाबू, सुरेश नंदरगी, चिदानंद, शंकर गड्डी सहित अन्य तकनीशियनों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में पीडीजी अशोक पंजवानी, पंकज भरवाड़ (अध्यक्ष), शिविर चेयरमैन डॉ. विशाल मोदी, रोटरी क्लब ऑफ अंकलेश्वर के सुरेश नाहर, इनर व्हील क्लब की पीडीसी मीराबेन पंजवानी, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष रूपल भरवाड सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ अंकलेश्वर के सचिव बिपिन नायर ने सभी का आभार व्यक्त किया।