बेंगलुरु, जब इरादे पक्के हों और मेहनत में कोई कमी न हो, तो मंज़िल खुद-ब-खुद क़दम चूम लेती है। यही साबित किया है पुणे की बेटी साक्षी मनोज छाजेड ने ! जिन्होंने विश्व की सबसे चुनौतीपूर्ण फिटनेस स्पर्धाओं में से एक, HYROX World Fitness Race में 29 वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपना, बल्कि पूरे जैन समाज का नाम रोशन किया है।
11 और 12 अप्रैल 2025 को बेंगलुरु में आयोजित इस भव्य स्पर्धा में दुनिया भर के 8,000 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। इस विशाल समूह में साक्षी ने जो कामगिरी दिखाई, वह प्रशंसा और प्रेरणा दोनों से भरी है।
क्या है HYROX?
HYROX एक अंतरराष्ट्रीय हाइब्रिड एंड्युरेंस रेस है जिसमें दौड़ और फंक्शनल फिटनेस का अनूठा संगम होता है। इसमें कुल 8 किलोमीटर दौड़ होती है, और प्रत्येक 1 किलोमीटर के बाद एक अलग वर्कआउट स्टेशन पार करना होता है। यह प्रतियोगिता शारीरिक शक्ति, सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता — तीनों की परीक्षा एक साथ लेती है।
आठ स्टेशन — आठ अग्निपरीक्षाएं
इस स्पर्धा के आठ चरण किसी भी खिलाड़ी की सीमाओं को परखने के लिए पर्याप्त थे। इनमें शामिल थे — 1000 मीटर SkiErg, 102 किलो का Sled Push, 78 किलो का Sled Pull, 80 मीटर Burpee Broad Jumps, 1000 मीटर Rowing, 200 मीटर Farmer’s Carry, 100 मीटर Sandbag Lunges (10 किलो) और अंत में 100 Wall Balls (4 किलो)।
इन सभी चरणों को पार करना किसी भी साधारण व्यक्ति के लिए कल्पना से परे है और यही इस प्रतियोगिता को विश्व की सर्वाधिक आव्हानात्मक फिटनेस रेसों में स्थान दिलाता है।
साक्षी मनोज छाजेड की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि उन हर युवा के लिए संदेश है जो अपने सपनों को सच करने की राह पर हैं।
जैन परम्परा परिवार उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं अर्पित करता है।